दैवीय शक्ति के नाम पर हजारों ठगे, मामला दर्ज

जींद (हरियाणा) : गांव सिंधवी खेड़ा में एक तांत्रिक महिला ने कष्ट निवारण करने तथा दैवीय शक्ति से गायब वस्तु ढूंढ़ निकालने का झांसा देकर अपने एक अनुयायी से ग्यारह हजार रुपए ठग लिए। सदर पुलिस ने महिला तांत्रिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गांव सिंधवी खेड़ा निवासी बिजेंद्र ने अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि उसका परिवार कठिनाइयों के दौर से गुजर रहा है। इसी दौरान उसका संपर्क पुरखन (उत्तर प्रदेश) निवासी श्याम बाबा की पत्नी संतोष से हुआ। संतोष ने कहा कि वह अपनी दैवीय शक्ति से उसके कष्टों का निवारण कर सकती है। साथ ही लगातार हो रहे नुकसान पर भी नियंत्रण कर सकती है। कष्टों के निवारण करने तथा दैवीय शक्तियों को खुश करने के लिए अनुष्ठान करने के नाम पर एक अक्टूबर २००८ को उससे ११ हजार रुपए ऐंठ लिए, लेकिन उसकी परेशानियां दूर नहीं हुई। परेशानियां दूर होने पर जब उसने संतोष से पैसे वापस मांगे तो उसने लौटाने से साफ मना कर दिया। ठगी होने का अहसास होने पर जब उसने पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अदालत ने बिजेंद्र सिंह की याचिका पर सदर पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे। कार्रवाई करते हुए सदर पुलिस ने संतोष के खिलाफ धोखाधड़ी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

Comments